बागपत। शनिवार को घोषित किए गए सीआईएससीई बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में अग्रवाल मंडी टटीरी की रिया गोयल व ट्योढ़ी के अर्जुन शर्मा ने 95 फीसदी अंक प्राप्त कर संयुक्त रुप से विद्यालय टॉप किया। गर्व अदित्य 94.8 फीसदी अंक प्राप्त कर दूसरे और हर्षिता अरोड़ा 94.4 फीसदी अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रही। इंटरमीडिएट में ऋषभ पंवार ने 94.5 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रथम, आयुषी अत्री ने 94.25 फीसदी अंक प्राप्त कर दूसरा और प्रिया चौहान 93.75 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
प्रधानाचार्या सिस्टर सजीता ने बताया कि विद्यालय का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में कुल पंजीकृत 131 और इंटरमीडिएट में 31 छात्र पंजीकृत थे। हाईस्कूल में 22 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक और इंटर में आठ छात्रों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए है। हाईस्कूल की विद्यालय टॉपर रिया गोयल और अर्जुन शर्मा का कहना है कि कोरोना संक्रमण के कारण इस बार परीक्षा रद्द रही। परीक्षा के मूल्यांकन में उनकी नौवीं कक्षा और प्री-बोर्ड परीक्षा की गई मेहनत रंग लाई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिकाओं के अलावा अपने परिजनों को दिया है। रिया गोयल का कहना है कि उनकी सफलता में उनके परिवार का पूरा सहयोग रहा। वह भविष्य में और बेहतर करने का प्रयास करेगी। अर्जुन शर्मा का कहना था कि परीक्षा को लेकर उसकी तैयारी पूरी थी। शिक्षक व परिजनों के सहयोग के बिना परीक्षा में सफलता प्राप्त करना मुश्किल था।
इंटरमीडिएट के विद्यालय टॉपर ऋषभ ने भी अपनी सफलता का श्रेय शिक्षक व परिजनों को दिया है। पिता सुजीत सिंह ने बताया कि ऋषभ ने हाईस्कूल की परीक्षा में भी विद्यालय टॉप किया था। ऋषभ का कहना है उसका सपना इंजीनियर बनना है। वह आईआईटी की तैयारी कर रहा है।