चिकित्सक बोले, लोकतंत्र में मतदान से बड़ा कोई दान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विधान सभा चुनाव के लिए प्रथम चरण में जिले में 10 फरवरी को मतदान होना है। लोकतंत्र की मजबूती कि लिए हमें सब काम छोड़ कर अपने मत का बिना डरें और जाति धर्म से ऊपर उठकर देश हित में प्रयोग करना चाहिए। यह कहना है नगर के चिकित्सकों का।
अच्छे लोगों का चयन कर विजयी बनाएं
डॉ. अनिल जैन का कहना है कि बहुत से लोग अच्छे बुरे की समझ न रख छोटे छोटे लोभ लालच में आकर, जाति धर्म में फंसकर गलत आदमी को वोट देकर जिता देते हैं और बाद में पछताते हैं। ऐसे लोगों को सोचने की जरूरत है कि हम छोटे छोटे लोभ लालच में न फंसें और अच्छे लोगों का चयन कर विजयी बनाएं।
सरकार के गठन के लिए सभी बने भागीदारी
डॉ. मनीष तोमर का कहना है कि सरकार के गठन के लिए सभी भागीदारी बने। इसलिए सभी मतदाता जरूरत वोट करें। अधिक से अधिक मतदान होने से अच्छी और मजबूत सरकार बनेगी। जिसका फायदा राज्य के लोगों को ही मिलेगा। इसलिए जाति, पंथ से ऊपर उठकर अपना वोट दें।
मतदान एक जिम्मेदारी
डॉ. अरविंद जैन का कहना है कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकारी प्रत्येक व्यक्ति के पास होता है। मतदान एक जिम्मेदारी है। सही व्यक्ति के लिए वोट कर देश को मजबूत करने का कार्य किया जाना चाहिए। एक-एक वोट से लोकतंत्र मजबूत होता है और देश की पहचान भी होती है।
मतदान के दिन को उत्सव की तरह मनाएं
डॉ. अभिनव तोमर का कहना है कि मतदान प्रतिशत पर सबकी निगाह रहती है, यह हमारी जागरूकता का भी परिचायक है। इसलिए मतदान के दिन को उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपनी पसंद से और अपने मुद्दों पर वोट डालें, लेकिन मतदान जरूर करें।
महत्वपूर्ण है एक-एक वोट, करें मतदान
डॉ. जितेंद्र मलिक का कहना है कि देश के विकास में भागीदारी करने के लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा और विद्यार्थी स्वयं मतदान करें और अपने परिजनों को भी मतदान के लिए केंद्र पर ले जाएं। कहा कि हमें लोकतंत्र के महत्व को समझते हुए अपने एक वोट की कीमत समझनी चाहिए।
राष्ट्रवाद के लिए करें वोट
डॉ. संजय जैन का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत करने को जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद के लिए वोट करना चाहिए। कहा कि जब सही प्रत्याशी चुन कर नहीं आता तो बाद में कहते हैं काश हम भी वोट देकर आते और अच्छा आदमी चुनते। शत-प्रतिशत लोग मतदान करें।