लोगों को बाग लगाने के लिए दिए जाएगे निशुल्क पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने शुक्रवार को जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक में अधिकारियों को समतल तालाबों को पुनर्जीवित करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाग लगाने के इच्छुक लोगों को निशुल्क पौधे दिए जाएंगे।
डीएम ने पौधरोपण के लिए जल्द गड्ढा खोदाई कराकर जियो टैगिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग व कृषि विभाग के अतिरिक्त पौधरोपण की लक्ष्य सूची उपलब्ध न कराने पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग को पौधरोपण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को बाग लगाने के लिए उद्यान विभाग की ओर से निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला पौधरोपण समिति के सदस्य सचिव प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ ने बताया कि जिले को 14 लाख 63 हजार 392 पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार को जिले में नगर वन/नगर वाटिका, नदियों किनारे एवं अन्य स्थलों पर पौधरोपण के लिए एक सप्ताह में जगह चिह्नित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। पौधरोपण के लिए कृष्णा नदी व हिंडन नदी की कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में 15-15 तालाबों को चिह्नित कर पुनर्जीवित किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, अपरजिलाधिकारी अमित कुमार, सभी एसडीएम व तहसीलदार, जिला पंचायत राज अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।