पुरानी पेंशन योजना की बहाली संगठन की प्रमुख मांग : दूहूण
बड़ौत (बागपत)। मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक प्रत्याशी स्वराज पाल दुहूण ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली संगठन की प्रमुख मांग है। इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा। इसको लेकर प्रदेश के शिक्षक समझौता करने को तैयार नहीं हैं। वे शुक्रवार को आवास विकास कालोनी में आयोजित शिक्षकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए उप्र माध्यमिक शिक्षा निदेशक लखनऊ में प्रस्तावित दो दिवसीय धरने के पहले दिन मेरठ व सहारनपुर मंडल के क्रम पर धरने में सम्मिलित होकर संगठन के साथ 9 मार्च 2019 को हुए समझौते के क्रियान्वयन की मांग की। दुहूण ने बताया कि समझौते के तहत वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता की धारा 7 (क) कोधारा 7(4) में परिवर्तित कर 15 हजार रुपये प्रति माह के मानदेय का भुगतान कराना, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, सीटीएल वेतनक्रम की विसंगति दूर करना, कंप्यूटर व व्यावसायिक अनुदेशकों को शिक्षक का दर्जा देने आदि हैं। इसके अतिरिक्त पुरानी पेंशन योजना की बहाली संगठन की प्रमुख मांग है। संचालन धर्मेंद्र खोखर ने किया। बैठक में ओमबीर सिंह तोमर, जयवीर सिंह, मनीष जैन, राकेश शर्मा, संजीव कुमार तोमर, सुलेखा जैन शामिल रहे।