बिनौली (बागपत)। बरनावा गांव में बिना अनुमति के दो बेटियों का निकाह करने व लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने सात नामजद और 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह निकाह छह मई को हुआ था, जिसमें मेरठ और बड़ौत से बरात आई थी। जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की।
बिनौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह ने बताया कि छह मई बरनावा में हनीफ कुरैशी पुत्र रज्जाक की दो पुत्रियों के निकाह में भीड़ एकत्र होने की सूचना मिली थी। चौकी इंचार्ज बरनावा हरिश्चंद त्यागी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे तो निकाह में लड़के व लड़की पक्ष के अलावा करीब 60-70 लोगों एकत्र थे। निकाह करने की अनुमति के बारे में हनीफ ने बताया कि दोनों बेटियों की बरात मेरठ के सिवालखास और बड़ौत से आई है, लेकिन उसने किसी अधिकारी से अनुमति नहीं ली है। बिना अनुमति के बेटी का निकाह करने व लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर चौकी इंचार्ज ने हनीफ कुरैशी व बाबू पुत्र रज्जाक, शादाब पुत्र सईद बरनावा व सलमान पुत्र अय्यूब, अय्यूब पुत्र नवाब निवासी जानी मेरठ, जीशान उर्फ हारिश पुत्र हाजी शरीफ, हाजी शरीफ पुत्र अमीर अहमद निवासी बड़ौत और करीब 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट में लड़के पक्ष के लोगों को भी शामिल किया गया है।
आरोप लगाया, तहरीर दी
बागपत। अहेड़ा के भारत पंवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर सुबह के समय दौड़ लगाते समय उसके भाई के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इन लोगों ने एक माह पूर्व उसके घर पर पथराव व फायरिंग भी की थी। उसने कोतवाली पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।