खेकड़ा (बागपत)। गाजियाबाद के लोनी से शनिवार की रात लौटते वक्त सराफ नीरज वर्मा और उसके भाई धीरज से हुई करीब छह लाख की नकदी व जेवर की लूट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रविवार को पुलिस ने वारदात स्थल पाठशाला रोड पर दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बदमाशों के बारे में सुराग जुटाए।
खेकड़ा नगर के मोहल्ला गिरधरपुर निवासी नीरज वर्मा की गाजियाबाद के राजनगर कॉलोनी लोनी बार्डर पर सराफ की दुकान है। वह रोजाना खेकड़ा से ही आना जाना करता है। शनिवार की रात करीब पौने दस बजे नीरज आटो से लौट रहा था। खेकड़ा पाठशाला बस स्टैंड पर ऑटो से उतरकर अपने भाई धीरज वर्मा के साथ बाइक पर बैठकर चल दिया। पाठशाला रोड पर कार सवार बदमाशों ने नीरज वर्मा से बैग छीन लिया था। बैग में 100 ग्राम सोने के जेवरात, एक लाख रुपये की नकदी और दुकान की चाबी भी थी। जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। पीड़ितों ने पुलिस से बदमाशों का सुराग लगाकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि नीरज वर्मा की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास मार्ग की दुकानों पर लगे सभी सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों का सुराग लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।