बिनौली (बागपत)। बरनावा गांव के एक युवक ने दोस्त के साथ मिलकर स्वयं के अपहरण की झूठी घटना का ड्रामा कर परिजनों से फिरौती के 9 लाख 50 हजार रुपये वसूल लिये। वहीं, बड़े भाई द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस व एसओजी ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया।
एसपी बागपत नीरज कुमार जादौन ने बताया कि बरनावा गांव निवासी आकिल पुत्र शौकत ने उत्तराखंड के मसूरी जाकर अपने दोस्त साज पुत्र खेरनदेस निवासी बरनावा के सहयोग से स्वयं के अपहरण का ड्रामा किया। परिजनों को फोन कराकर फिरौती की मांग रखी। इस पर परिजन रकम का इंतजाम कर बताए स्थान पर दिल्ली पहुंच गए। वहां एक अज्ञात युवक ने फिरौती की रकम वसूलकर आकिल के सकुशल घर पहुंच जाने का आश्वासन दिया। रविवार रात आकिल अपने घर पहुंच गया। उसने परिजनों को वारदात के बारे में बताया। वहीं, उसके बड़े भाई आसिम को उसकी बात सच नहीं लगी। उसने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।
थाना प्रभारी संजय कुमार व एसओजी प्रभारी तपेश्वर सागर ने मामले की जांच की। उन्होंने मय फोर्स बरनावा पहुंचकर कार में सवार होकर दिल्ली के लिए जा रहे आकिल व उसके दोस्त साज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा सख्ती से की पूछताछ में घटना का पर्दाफाश हुआ। आकिल ने बताया कि गलत संगत में पड़ने के कारण वह आईपीएल मैचों में सट्टा लगा बैठा और हार गया। उसने कर्ज चुकाने के लिए दोस्त के साथ मिलकर अपहरण की झूठी योजना बनाई। परिजनों से फिरौती की रकम वसूल की। वह कर्ज उतारने के लिए दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने कार से फिरौती के सात लाख रुपये व घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया। उन्हें बागपत न्यायालय में पेश किया।