रटौल(बागपत)। गाजियाबाद जिले के लोनी के बलरामनगर में पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के प्रबंधक अभिषेक शर्मा की हत्या करने से पहले पूर्व सैनिक गार्ड रविंद्र हुड्डा निवासी मंसूरपुर अपने घर आकर दोनाली बंदूक ले गया। इसके डेढ़ घंटे बाद वापस घर आकर सो गया। इतना ही नहीं गिरफ्तार करने आए पुलिसकर्मियों से वह भिड़ गया। हंगामा होने के बाद पुलिसकर्मी हत्यारोपी रविंद्र हुड्डा को गिरफ्तार कर ले गए।
मंसूरपुर गांव निवासी हत्यारोपी पूर्व सैनिक रविंद्र हुड्डा अपने परिवार के साथ लहचौड़ा मार्ग पर जंगल में मकान बनाकर रहता है और कई साल से पंजाब एंड सिंध बैंक में गार्ड के पद पर तैनात था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे रविंद्र अपनी बुलेट बाइक से घर आया और अपनी दोनाली बंदूक लेकर चले गया। करीब डेढ़ घंटे बाद यानी ढाई बजे रविंद्र बुलेट बाइक से वापस घर आया और परिवार वालों को कुछ बताए बिना ही सो गया। इसके करीब एक घंटे बाद गाजियाबाद पुलिस की चार टीमें उसे तलाशती हुई घर पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों के बताने पर उसकी पत्नी को बैंक प्रबंधक की हत्या के बारे में पता चला। पुलिसकर्मियों ने घर में सो रहे रविंद्र हुड्डा को गिरफ्तार किया तो उसने हंगामा कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की। रविंद्र की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी और बच्चे भी ताला लगाकर कहीं चले गए। रविंद्र के परिवार में पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है।