गोदामों के बजाए सीधे डीलर की दुकानों पर पहुंचेगा राशन
- जिले में शीघ्र शुरू होगी सिंगल स्टेज डोर स्टेप योजना
- पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर बागपत ब्लॉक से शुरू होगी योजना
बागपत। जिले में राशन में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की जाएगी। राशन गोदामों की बजाए सीधे डीलरों की दुकानों पर पहुंचाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना बागपत ब्लॉक में शुुरू की जाएगी। इससे ढुलाई तथा गोदामों का किराया बचेगा।
अब तक जिले में राशन खाद्य विभाग के गोदामों में पहुंचाया जाता था। इसके बाद डीलर की दुकानों पर पहुंचाने की व्यवस्था होती थी। राशन की ढुलाई से लेकर रखरखाव का खर्च सरकार वहन करती थी। अब शासन ने सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत राशन गोदामों के बजाए सीधे राशन डीलरों की दुकानों पर पहुंचाया जाएगा। फिलहाल जिले के बागपत ब्लॉक में पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। इसके उपरांत अन्य ब्लॉकों में व्यवस्था शुरू कराई जाएगी। राशन डीलर के यहां राशन की सीधे डिलीवरी होने पर विभाग का गोदामों का किराया तथा तथा ढुलाई का खर्च बचेगा।
-------------
जीपीएस वाहनों से डीलर के पास पहुंचेगा राशन
बागपत। राशन डीलरों तक राशन पहुंचाने वाले वाहनों में जीपीएस लगा होगा। डीलर ओटीपी के माध्सम से राशन की प्राप्ति ऑनलाइन दर्ज करेंगे।
----------
प्रति माह होता है 40 हजार क्विंटल राशन का वितरण
बागपत। ग्रामीण क्षेत्रों में 337 तथा नगरीय क्षेत्रों में 66 पॉश मशीनों से राशन का वितरण किया जाता है। जिले भर में 403 पॉश मशीनों से प्रतिमाह 40 क्विंटल खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।
-----------
प्रति बोरे छह रुपये है गोदाम का किराया
बागपत। जिला विपनण अधिकारी कौशल देव ने बताया कि गोदामों का किराया डीएम के औचित्य प्रमाण पत्र के अनुसार दिया जाता है। गोदामों में एक बोरे पर लगभग छह रुपये का किराया निर्धारित है। इसके अलावा क्षेत्र के आधार पर किराया कम और अधिक भी निर्धारित किया जाता है। प्रत्येक ब्लॉक में राशन का एक गोदाम है, जहां से दुकानों के लिए राशन की सप्लाई की जाती है।
------------
वर्जन
राशन में सिंगल स्टेज डोर स्टेप व्यवस्था शुरू की जा रही है। फिलहाल बागपत ब्लॉक में व्यवस्था शुरू की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत राशन गोदामों के बजाए सीधे डीलर को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे खर्च बचेगा।
- जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह।