- इंडेंट नहीं मिलने के कारण क्रय केंद्रों पर नियमित नहीं हो रही तौल, किसानों में रोष
संवाद न्यूज एजेेंसी
रमाला। रमाला चीनी मिल से किसानों का इंडेंट समय से जारी नहीं हो रहा है, जिससे क्रय केंद्रों पर नियमित तौल नहीं चल रही है। इंडेंट नहीं मिलने के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रमाला सहकारी समिति ने क्षेत्र में 22 क्रय केंद्र लगाए हैं। इन क्रय केंद्रों पर गन्ने की नियमित तौल नहीं हो रही है। किसानों का कहना है कि मिल की ओर से किसानों की कम पर्ची जारी की जा रही है, जिससे नियमित तौल नहीं होने के कारण किसानों के खेतों में गन्ना खड़ा हुआ है। गन्ने की छिलाई न होने से पशुओं के चारे के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा समय पर गन्ने की छिलाई न होने से गेहूं की फसल की बुवाई प्रभावित हो रही है।
किसान रामस्नेही, मनोज, उपेन्द्र, सचिन, अनिल, रामकुमार, पंकज ने बताया कि कई बार इंडेंट जारी करने के लिए मिल अधिकारियों से शिकायत कर चुके है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हर साल ही चीनी मिल के अधिकारी इंडेंट जारी करने में लापरवाही बरतते है। किसानों ने मिल प्रबंधन से समय से इंडेंट जारी कराने और क्रय केंद्रों पर नियमित तौल कराने की मांग की है। वहीं प्रधान प्रबंधक गोविंद मौर्य का कहना है कि किसानों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। क्रय केंद्रों पर इंडेंट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।