-1.46 करोड़ रुपये की कार्ययोजना की गई तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अटल भूजल योजना के तहत बागपत व पिलाना ब्लाॅक के 45 सरकारी तथा अर्ध सरकारी भवनों को चिह्नित कर उनमें रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 1.46 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। इनके निर्माण से भूजल स्तर ऊपर उठाने में मदद मिलेगी।
अटल भूजल योजना से दोनों ब्लाॅक के 76 गांवों का भूजल स्तर गिरने से रोकने के लिए तालाबों तथा नालों की खोदाई का कार्य कराया जा रहा है। अब लघु सिंचाई विभाग ने खट्टा प्रहलादपुर, सरूरपुरकलां, अहैड़ा, बालैनी, पाबला बेगमाबाद, सिंघावली अहीर, बिलोचपुरा, फैजपुर निनाना, नैथला, सिसाना, नौरोजपुर गुर्जर, संतोषपुर तथा बाघू आदि गांवों में सरकारी तथा अर्थ सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने का प्लान बनाया है।
लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अमित देशवाल ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों, सहकारी समितियों, पशुधन प्रसार केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उप केंद्रों आदि 45 सरकारी तथा अर्ध सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के लिए 1.46 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार हो गया। उसको उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। इनका निर्माण होने से हर साल वर्षा का जल बेकार बहने के बजाय जमीन के अंदर जाएगा, जिससे भूजल स्तर बढ़ेगा।