बागपत। यहां मंगलवार को कई बार बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली तो नेशनल हाईवे पर जलभराव से परेशानी हुई। बारिश से ज्वार व गन्ने की फसल को फायदा पहुंचा तो सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ। कई गांवों में बत्ती रही गुल। वहीं सिसाना गांव मेें नेशनल हाईवे पर जलभराव होने के कारण कांवड़ियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
यहां मंगलवार की सुबह तेज बारिश शुरू हुई और दिन में कई बार में रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली और तापमान भी एक डिग्री तक कम हो गया। बागपत, खेकड़ा, रटौल, हिसावदा समेत अधिकतर गांवों में सड़कों व गलियों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह तेज बारिश के कारण नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश होने पर सिसाना गांव के पास नेशनल हाईवे पर डेढ़ फुट तक पानी भर गया। वहां पानी में बीस से ज्यादा वाहन फंसकर बंद हो गए तो अधिकतर बाइक भी बंद हो गई। ऐसे में कई वाहनों में लोगों ने धक्का लगाकर पानी से बाहर निकाला तो बाइकों को पैदल ही पानी से बाहर लेकर आए। वहीं कांवड़ियों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ा और ऐसे में काफी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार को भी बारिश होने का अनुमान है।