बागपत। शहर में ऑफिसर्स हॉस्टल के पीछे स्थित कॉलोनी में रहने वाले समाजसेवी कपिल शर्मा की मां अनीता का निधन होने पर रविवार शाम शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए। श्मशान घाट के मार्ग में जलभराव व कीचड़ के कारण व्यवस्था की बेरुखी का दर्द झेलना पड़ा। इस पर लोगों ने रोष जताते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल से फोन पर तुरंत ही शिकायत कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
अंतिम यात्रा में शामिल हुए आचार्य गजेंद्र, किसान नेता रामपाल सिंह, राकेश पूनिया, मास्टर महेंद्र आदि ने बताया कि अनीता देवी की बीमारी से मौत होने पर रविवार शाम अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट में शव लेकर जाने लगे। श्मशान घाट के मार्ग पर पहुंचते ही 500 मीटर तक डेढ़ फीट से ज्यादा जलभराव मिला, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मार्ग पर कई जगह काफी कीचड़ भी हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पानी व कीचड़ से होकर किसी तरह श्मशान घाट में पहुंचे तो वहां गंदगी मिली। उन्होंने नगर पालिका के अफसरों पर जलभराव की समस्या का समाधान और सफाई नहीं कराने का आरोप लगाते हुए डीएम को फोन करके शिकायत की।
वर्जन
तालाब ओवरफ्लो होने के कारण जलभराव हो जाता है। सोमवार को टीम को भेजकर पानी निकासी और श्मशान घाट की सफाई करा दी जाएगी।
-हरीलाल पटेल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बागपत