बड़ौत। कड़ाह बनाने वाली फैक्टरी के मालिक के मकान में दिनदहाड़े परिजनों व नौकरानी को बंधक बनाकर लूट के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस ने शुक्रवार को बदमाशों की धरपकड़ के लिए बागपत के अतिरिक्त शामली व मुजफ्फरनगर समेत अन्य जनपदों में ताबड़तोड़ दबिश दीं।
हथियारबंद दो बदमाशों ने कड़ाह बनाने वाली फैक्टरी के मालिक धनेंद्र जैन पुत्र सुल्तान के मकान में घुसकर व्यापारी की पत्नी सुमन, बेटे अभिनव, पुत्रवधू अंजलि व नौकरानी कुसुम को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। बदमाश यहां से 1.78 लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए थे। इस दौरान शोर मचाने पर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए आगे आए लोगों को भी उन्होंने गोली मारने की धमकी देकर डरा दिया था। इसके बाद सीओ हरीश भदौरिया, कोतवाल मगनवीर सिंह गिल समेत क्राइम ब्रांच व डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची थी परंतु बदमाशों का सुराग नहीं मिला। कोतवाली पुलिस ने शामली, मुजफ़्फरनगर समेत अन्य जनपद में ताबड़तोड दबिश दीं, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।