- महिला और एक युवक पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया, परिजनों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। बामनौली के रालोद कार्यकर्ता विशु तोमर की हत्या के खुलासे पर परिवार वालों ने कई सवाल उठाए और महिला व एक युवक को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया और कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी।
बामनौली गांव निवासी विनय तोमर ने बताया कि पुलिस से उसके भाई विशु तोमर की हत्या का खुलासा करते हुए बाइक बरामद कर ली। इसमें विक्रांत, शिब्बू और नवीन की भूमिका बताई गई। जबकि हत्या से पहले उन्हें फोन पर दी गई धमकी की रिकाॅर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई थी। इसमें क्षेत्र के एक गांव का युवक खुद को बिजनौर में तैनात सिपाही बताकर धमकी दे रहा है।
विनय ने आरोप लगाया कि विशु की हत्या में शामिल महिला और युवक पर कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने विशु तोमर के जूते व अन्य सामान भी बरामद कराने की मांग की। इसको लेकर जल्द ही केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में घटना का सही खुलासा नहीं होने पर विशु के पिता उमेश, मां संतोष, दादी सोहनवीरी व भाई विनय तोमर मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह करेंगे। इस मामले में जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि हत्याकांड में वांछित आरोपी की तलाश की जा रही है। हत्या में जिसकी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।