पूर्व प्रधान की हत्या में चार युवक हिरासत में लिए
बागपत। बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वरनगर गांव के पूर्व प्रधान ऋषि राणा हत्याकांड में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। गांव के ही एक युवक ने घटना से पहले रैकी की थी। पुलिस अफसरों का दावा है कि रविवार को खुलासा किया जाएगा।
धनौरा सिल्वरनगर गांव में 20 अगस्त को बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पूर्व प्रधान ऋषि राणा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसकी पत्नी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की टीम घटना के खुलासे के लिए लगी हुई थी। पुलिस ने गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली तक बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। हत्या का खुलासा करने के लिए एसपी ने पुलिस की दो टीमों को लगा रखा था। हत्याकांड में बिनौली पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया हुआ है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। गांव के ही एक युवक ने घटना से पहले रैली की थी। हत्या करने के लिए बदमाशों को हायर किया गया था। एएसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को घटना का खुलासा किया जाएगा।