बालैनी। पुरा गांव के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवभक्तों ने पूजा अर्चना कर ऐतिहासिक शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। काफी संख्या में कांवड़िये पहुंच गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।
फाल्गुनी महाशिवरात्रि के अवसर पर पुरा महादेव मंदिर में तीन दिवसीय मेले का बृहस्पतिवार को शुभारंभ हुआ। सुबह पांच बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आवागमन प्रारंभ हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे शिवभक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई। वहां पर हजारों की संख्या में कांवड़ियां पहुंच गए हैं।
मंदिर जयकारों के नारों से गूंजा हुआ है। खुफिया तंत्र का कहना है कि मेले के पहले दिन 20 हजार शिवभक्तों ने मंदिर में जलाभिषेक किया है। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। एसपी अजय शंकर राय ने पुलिस की व्यवस्था का निरीक्षण किया और पुलिसवालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
जलाभिषेक का शुभ मुहुर्त शुक्रवार रात 9.38 बजे से
बागपत। पुरा में स्थित ऐतिहासिक परशु रामेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त रात में 9.38 का समय निकला है। मंदिर के पुजारी पंडित जय भगवान शर्मा ने बताया शुक्रवार को शाम के समय मंदिर में पूजा - अर्चना के बाद झंडारोहण होगा। इसके बाद शुभ मुहूर्त रात 9.38 से मंदिर में जलाभिषेक शुरू होगा। इस पूजा और झंडारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम हृदय शंकर तिवारी होंगे।
मकानों में ठहरे हुए हैं कांवड़िये
बालैनी। हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर कांवड़ियां पुरा गांव में पहुंच गए है। अधिकांश शिवभक्त महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगे। इसलिए कांव़िड़यां गांव के मकानों पर ठहरे हुए हैं।
कांवड़ियों की वेषभूषा में पुलिस
मंदिर परिसर में कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिसवाले कांवड़ियों की वेषभूषा में घूम रहे हैं और संदिग्धों पर नजर लगाए हुए हैं। खुफिया तंत्र भी काफी सक्रिय है।