दोघट। बकाया गन्ना भुगतान न होने और इंडेंट कम भेजे जाने से नाराज किसानों ने भैंसाना मिल अधिकारियों को आदमपुर गांव में गन्ना क्रय केंद्र पर बंधक बनाया। इस दौरान किसानों की अधिकारियों से नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने कहा यदि शीघ्र समस्या का समाधान न कराया तो मिल के खिलाफ धरना देंगे। दो घंटे बाद किसानों ने आश्वासन पर मिल अधिकारियों को बंधन मुक्त किया।
चौगामा क्षेत्र में बकाया गन्ना भुगतान न होने और इंडेंट कम भेजे जाने से किसानों में गन्ना मिलों के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को आदमपुर गांव में स्थित भैंसाना चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे मिल अधिकारियों गन्ना प्रबंधक योगेंद्र डबास, गन्ना अधिकारी मनोज सोलंकी से किसानों ने गन्ना भुगतान और इंडेंट कम भेजे जाने के बारे में पूछा। जिस पर अधिकारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।
इससे किसान नाराज हो गए और मिल अधिकारियों को बंधक बनाकर बैठ गए। दो घंटे तक किसानों ने मिल अधिकारियों को नहीं छोड़ा। बाद में मिल अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही भुगतान में तेजी लाई जाएगी और इंडेंट भी बढ़ाया जाएगा। इसके बाद किसान शांत हुए और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
किसानों ने बताया मिल को चले चार माह हो चुके हैं, लेकिन भुगतान अभी तक नहीं कराया। अब किसानों को इंडेंट भी कम भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा यदि शीघ्र समस्या का समाधान न कराया तो धरना शुरू कर देंगे।
इसमें ग्राम प्रधान मनोज, सुनील राणा, मास्टर रणवीर पंवार, हरेंद्र, हनीफ, सगीर, प्रशांत, रामफल, सतेंद्र, मोनू, मनोज, प्रवेश आदि रहे। वहीं, भैसाना मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक राज कुमार तोमर ने बताया दस मार्च तक किसानों के खातों में दिसंबर माह का भुगतान भेज दिया जाएगा और इंडेंट में भी बढ़ोत्तरी कराई जाएगी।