जौहड़ी गांव के लोगों ने शुक्रवार को राशन डीलर पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए तहसील स्थित आपूर्ति कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान उनकी विभागीय कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में आपूर्ति निरीक्षक को डीएम से संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष नफीस सिद्दीकी व नगराध्यक्ष बाबूराम सैनी के नेतृत्व में पहुंचे। उनका कहना था कि गांव में राशन विक्रेता कई वर्षों से राशन वितरण नहीं कर रहा है। राशन वितरण नहीं होने से कार्ड धारकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने राशन डीलर पर राशन वितरण नहीं करके कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और बताया कि पहले भी कई बार उक्त डीलर की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने डीएम हृदय शंकर तिवारी को संबोधित ज्ञापन आपूर्ति निरीक्षक अमित श्रीवास्तव को सौंपा। हंगामा करने वालों में विक्रम, शौकीन, पप्पू अली, इलियास, नसीमा, संजीव, रेखा, विष्णु, महबूब, कविता, ओमवीर, सुनील शामिल रहे।
कालाबाजारी के लिए ले जाया जाता राशन पकड़ा
बिनौली। सिरसली गांव से बृहस्पतिवार की रात कालाबाजारी के लिए जा रहे राशन की भनक लगने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए खाद्यान्न से भरे टेंपो को अपने कब्जे मेें ले लिया।
आरोप है कि गांव का एक राशन डीलर छोटा हाथी टेंपो नंबर यूपी 15-एटी मेें राशन की कालाबाजारी करने जा रहा था। इसकी भनक ग्रामीणों को लगी। सूचना पर ग्राम प्रधान राजू तोमर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और टेंपो को राशन सहित धर दबोचा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गए राशन में गेहूं, चावल व चीनी है।
सूचना एसडीएम व जिला आपूर्ति अधिकारी को दे दी गई है। उधर देर शाम आपूर्ति निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक कृष्णा कुमारी बिनौली थाने पहुंची और राशन की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 12 कुंतल चावल, साढे़ पांच कुंतल गेहूं व एक कुंतल चीनी मिली। उक्त राशन डीलर के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।