ंभर्ती प्रक्रिया मामले में तहसील पर प्रदर्शन करते युवा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में अधिकारी एवं सहायक लेखाधिकारी की भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने के विरोध में युवाओं ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
शुक्रवार को काफी संख्या में युवा तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में कनिष्ठ सहायक, ग्राम विकास अधिकारी एवं सहायक लेखाकार की भर्ती प्रक्रिया रोकने से आक्रोश जताया।
उनका कहना था कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद अचानक भर्ती प्रक्रिया रोके जाने से अभ्यार्थी परेशान और मानसिक तनाव में है क्योंकि भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई थी। इन पदों के लिए करीब 4 हजार अभ्यर्थी साक्षात्कार देने वाले थे और 80 फीसदी युवकों के साक्षात्कार भी हो गए थे।
इस संबंध में युवकों ने कईं बार मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई। दो माह होने के बाद भी सरकार ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। बाद में उन्होने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दर्शन सिंह को दिया और चेतावनी दी कि इसको लेकर 31 मई को लखनऊ के लक्ष्मण मैदान में धरना-प्रदर्शन किया जायेगा।
इस अवसर पर राहुल तोमर, विकास तोमर, अंकित मलिक, राहुल नैन, अरूण तोमर, गीवेश कुमार, अजय, रोहित तोमर, अनुज तोमर, अक्षय मलिक आदि उपस्थित रहे।