फर्रूखाबाद में संपन्न राष्टीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक हासिल किया। शुक्रवार को कॉलेज पहुंचने पर विजेता शूटर का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उसे ट्राफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग करना चाहिए। खेलकूद में भाग लेने से युवाओं का शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास होता है। केंद्र और प्रदेश सरकार खेल कोटे से कई भर्तियां निकाल रही हैं। युवाओं को खेल कोटे से आसानी से नौकरी मिल जाती है।
चौधरी ने बताया कि गत 16 से 19 मई तक फारूखाबाद में छठीं राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र सोहिल मलिक ने प्रतिभाग करते हुए 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक लेकर अपनी प्रतिभा साबित की। संचालन रणपाल सिंह ने किया।
स्वागत करने वालों में प्रधानाचार्य राजीव तोमर, मैनेजर विक्रम तोमर व कॉलेज के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे। समारोह में नितिन, उदित चौधरी, कपिल, सोनू, पुष्पेन्द्र, विनय, भारती, सुषमा, पूनम, स्वाति, उर्मिला, रूबी का सहयोग रहा।