संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर के राजकीय कन्या इंटर कालेज में बुधवार को नवनियुक्त शिक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। इसमें महात्मा गांधी इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा ने शिक्षकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नवनियुक्त नौ सहायक अध्यापकों को लिस्ट भेजी गई थी। इनमें से आठ शिक्षकों ने ज्वाइनिंग की। बृहस्पतिवार को नवनियुक्त शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक अंतरिक्ष कुमार व कालेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रीति शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक अंतरिक्ष कुमार ने बताया कि आयोग की ओर से जिले के राजकीय हाईस्कूल के लिए आठ सहायक अध्यापक मिले हैं। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक पूर्व प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा ने नवनियुक्त शिक्षकों को उनके उद्देश्य, नियमावली व शिक्षा नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।