सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
अग्रवाल मंडी टटीरी। बागपत-मेरठ मार्ग के गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। मीतली और डौला गांव के बीच कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एमजीएम इंटर कालेज ढिकौली के प्रधानाचार्य की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे प्रधानाचार्य गंभीर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की वजह गड्ढ़े बताए गए हैं।
मेरठ के सुभाष नगर निवासी राकेश मोहन (46) पुत्र निर्मल एमजीएम इंटर कालेज ढिकौली के प्रधानाचार्य थे। शनिवार को बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में आयोजित मीटिंग में शामिल होने के लिए इंदिरा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुकारी के प्रधानाचार्य राजकुमार त्यागी के साथ बाइक पर जा रहे थे। मेरठ-बागपत मार्ग पर मीतली व डौला गांव के बीच पहुंचे तो सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में राकेश मोहन की मौके पर ही मौत हो गई और राजकुमार त्यागी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रधानाचार्य की मौत से जनपद के शिक्षकों में शोक की लहर है। उधर, कुराली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार और माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मेरठ रोड पर हादसों की वजह गड्ढे हैं।