बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहनों का सफर 10 मई से महंगा हो जाएगा, क्योंकि इस दिन से टोल वसूली शुरू होने वाली है। इसके लिए बृहस्पतिवार को टोल वसूली का ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। करीब 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून तक वाहनों की आवाजाही तेज हुई है और यात्रा का समय काफी कम हो गया है। एक्सप्रेसवे पर कुल पांच टोल प्लाजा बनाए गए हैं। हालांकि, दिल्ली के अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर तक का 18 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह टोल फ्री रहेगा। पहला टोल प्लाजा बागपत क्षेत्र में स्थित है, जबकि दूसरा टोल प्लाजा शामली के बुटराड़ा में स्थापित किया गया है। अभी तक एक्सप्रेसवे से वाहन निशुल्क गुजर रहे थे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने टोल छोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और ठेका भी दे दिया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही टोल वसूली शुरू कर दी जाएगी।