बागपत। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले के 180 विद्यालयों में डिजीटल कक्षा शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव पास होने पर विद्यालयों में डिजीटल कक्षा शुरू की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सबसे पहले पूर्व में विद्यालयों में चल रही डिजीटल कक्षाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी।
जिले में 555 बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय हैं। इनमें 332 प्राथमिक विद्यालय, 62 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 136 कंपोजिट विद्यालय, दो कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और 23 सहायता प्राप्त विद्यालय हैं। जिले के 180 विद्यालयों में प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई कराने की तैयारी शुरू की जा रही है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी है।
शासन के निर्देश पर जिला स्तर से इन विद्यालयों में डिजीटल क्लास शुरू करने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन ने अनुमति मिलने पर बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षण कराया जाएगा। पूर्व में जिले के 37 परिषदीय विद्यालयों में डिजीटल क्लास चलाई जा रही है।
इनमें खेकड़ा ब्लॉक में तीन, पिलाना में पांच, छपरौली में 11, बागपत में चार, बड़ौत ग्रामीण में आठ और बिनौली में छह विद्यालयों में डिजीटल कक्षाएं चलाई जा रही हैं। शासन से प्रस्ताव पास होने पर 180 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। जिला समन्वयक राजपाल जैन्थ ने बताया कि जिला स्तर से 180 विद्यालयों में डिजीटल क्लास शुरू करने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। शासन से अनुमति मिलने पर विद्यालयों में डिजीटल कक्षा शुरू कराई जाएगी।