बड़ौत। सहारनपुर से दिल्ली जा रही बड़ौत डिपो की बस में बुधवार को गर्भवती महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर महिला के देवर के साथ मारपीट की गई। पीड़ितों और यात्रियों ने बस परिचालक और उसके परिचित पर आरोप लगाते हुए बाजार पुलिस चौकी में हंगामा किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि बावली गांव से एक गर्भवती महिला अपने देवर के साथ बड़ौत आने के लिए सहारनपुर से दिल्ली जा रही बड़ौत डिपो की बस में सवार हो गई। इस दौरान महिला व उसके देवर ने छपरौली चुंगी पर बस रोकने के लिए कहा, आरोप है कि परिचालक ने बस रोकने की बजाए महिला के पास जाकर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। यह देख महिला के देवर ने विरोध किया तो उसके साथ परिचालक ने मारपीट शुरू कर दी और फोन कर कई अन्य युवकों को बुला लिया। जिसके बाद परिचालक व युवकों ने महिला के साथ धक्का-मुक्की व देवर के साथ मारपीट की और पुलिस से शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी। घटना के विरोध में पीडि़त व कुछ यात्री दिल्ली बस स्टैण्ड पुलिस चौकी पर पहुंचे, लेकिन पुलिस कर्मियों के न मिलने पर सभी बाजार पुलिस चौकी पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर एआरएम रामदास ने बताया कि वे विभागीय काम से मेरठ थे, यदि इस संबंध में लिखित शिकायत आती है तो तत्काल प्रभाव से जांच कर परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।