गायत्रीपुरम मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थी महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गायत्रीपुरम मोहल्ले में गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसका पता चलने पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ तो उसका विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुराना कस्बा निवासी साकिर काफी समय से गायत्रीपुरम मोहल्ले में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी शाहीन (24) चार माह की गर्भवती थी, जो बृहस्पतिवार को ही अपने मायके से आई थी। शाहीन अपने परिवार वालों के साथ सोई थी। शुक्रवार सुबह वह चारपाई पर मृत पड़ी मिली। इसकी जानकारी मिलने पर शाहीन के मायके वालों के साथ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसआई मानवेंद्र सिंह ने छानबीन करने के बाद महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि महिला की सामान्य मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इिससे चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित किया है, जिसको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।