सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने केंद्रीय कर्मचारियों के अनुरूप सभी सुविधाएं प्रदान करने की मांग को लेकर दो घंटे की हड़ताल रख विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर नहीं मिलने से खफा होकर मरीजों ने हंगामा कर दिया। करीब दो घंटे बाद पर्ची बनने के बाद ही मरीजों का गुस्सा शांत हुआ।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नई पेंशन नीति को समाप्त करते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए। अभी तक का जमा धन निश्चित लाभ के साथ प्रतिवर्ष किया जाए। 30 जून को सेवानिवृत्त को पूरे वर्ष कार्य करने के तहत एक वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए।
कर्मचारियों को 8, 16, 24 वर्षों की सेवा पर तीन प्रमोशन वेतनमान प्रदान किए जाने की मांग परिषद द्वारा की गई। तकनीकी योग्यताधारी संवर्गों को न्यूनतम 4800 ग्रेड वेतन करने और गैर तकनीकी योग्यता वाले स्नातक पास को कम से कम 4600 ग्रेड वेतन स्वीकृत करने की मांग की गई प्रदर्शनकारियों में ओएमसी जायसवाल, आईवी सिंह, जुबैदा फातिमा, राजेश्वरी शर्मा, धर्मेंद्र वैद्यवान, ओमवीर मलिक, मनोज कुमार, इसरार, आरिफ खान, राजकुमार, कुसुमलता, निर्मेश देवी, डीसी पांडेय, उदयवीर कश्यप, उदयवीर मलिक आदि मौजूद रहे।