दोघट पुलिस की टीकरी-गांगनौली चौराहे हुई मुठभेड़, साथी हुआ फरार
प्रमोद गांगनौली की तीन साल पहले गैंगवार में हो गई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। टीकरी-गांगनौली चौराहे के पास रविवार की शाम दोघट थाना पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें एक लाख के इनामी रहे प्रमोद गांगनौली का भाई प्रवीण पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। प्रवीण पर दोघट थाने में लूट और हत्या के पांच मामले दर्ज है।
दोघट एसओ हेमेंद्र बालियान ने बताया कि रविवार की शाम वह पुलिस टीम के साथ टीकरी-गांगनौली चौराहे पर चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश प्रवीण गांगनौली अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें वह और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में प्रवीण गांगनौली पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उसके पास से एक बंदूक, चार कारतूस, एक खोखा व एक बाइक बरामद की। पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि प्रवीण गांगनौली पर दोघट थाने में लूट व हत्या के पांच मामले दर्ज है। वह एक लाख के इनामी रहे प्रमोद गांगनौली का भाई है। प्रमोद की तीन साल पहले लूंब के जंगल में गैंगवार में हत्या हो गई थी। प्रवीण के फरार हुए साथी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा। एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने भी मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ की जानकारी ली।