-रहतना गांव की प्रधान का जेठ और उसका बेटा घायल, पुलिस जांच में जुटी
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। रहतना गांव में सोमवार को घर में पटाखे फेंकने का विरोध करने पर ग्राम प्रधान के घर पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें प्रधान का जेठ समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। इसमें दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
रहतना गांव की प्रधान मंजू देवी पक्ष के जेठ कंवरपाल ने बताया कि सोमवार को वह अपने बेटों के साथ घर में बैठा हुआ था, तभी पड़ोसी युवक ने उनके घर में पटाखा जलाकर फेंक दिया। इसकी चपेट में आने से उसका बेटा झुलस गया। उन्होंने घर में पटाखा फेंकने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौच कर उनके घर पर लाठी डंडो और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इसमें कंवरपाल और उसका बेटा नितिन घायल हो गए। शोर शराबा होने पर वहां आये ग्रामीणों ने बीच बचाव कराया। आरोप लगाया कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। नितिन ने दस लोगों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, दूसरे पक्ष के निखिल ने प्रधान पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है, जिसकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।