बागपत। महिला स्वावलंबन के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय आजीविका मिशन से महिला स्वयं सहायता समूहों को 57 लाख रुपये की कम्युनिटी इनवेस्टमेंट सपोर्ट फंड (सीआईएफ) मिला है। यह पैसा समूहों के बैंक खातों में भेजा गया है। अब महिलाएं समूहों से कम ब्याज दर पर ऋण लेकर स्वरोजगार की राह आसान कर सकेंगी।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन से महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जा रहा है। अब 38 महिला स्वयं सहायता समूहों को 1.50 लाख रुपये की दर से सीआईएफ दिया है। इस तरह से 57 लाख रुपये समूहों के बैंक खातों में भेजे गए। 380 महिलाएं अब समूह से ऋण लेकर कृषि, पशुपालन, सिलाई एवं कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर संचालन, परचून दुकान, गृह सज्जा उत्पाद तैयार कराने, एलईडी बल्ब निर्माण व खाद्य सामग्री उत्पादन आदि क्षेत्रों में स्वरोजगार कर सकेंगी। इससे उन्हें साहूकारों से ज्यादा ब्याज दर पर ऋण लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे न केवल आत्मनिर्भर होंगी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और माली हालत अच्छी होने से समाज में मान सम्मान बढ़ेगा।
-
समूहों से जुड़ी हैं 55 हजार महिलाएं
बागपत में पांच हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूह गठित हैं, जिनमें 55 हजार से ज्यादा महिलाएं सदस्य हैं। समूहों से जुड़कर अनेक महिलाओं की स्वरोजगार की राह आसान हो रही है।
महिला स्वयं सहायता समूहों के बैंक खातों में सामुदायिक निवेश निधि की राशि भेज दी गई है। यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार कराने के लिए दी जाती है।
-राहुल वर्मा, उपायुक्त स्वत: रोजगार