बड़ौत में तोमर नर्सिंग होम पर जांच करने पहुंचे अधिकारी। स्रोत:कर्मचारी
बड़ौत। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को दिल्ली–सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित तोमर अस्पताल पर शुक्रवार को छापा मारा। वहां अल्ट्रासाउंड के लिए स्थायी मशीन का लाइसेंस लेकर पोर्टेबल मशीन को चलाया जा रहा था, इसलिए टीम ने मशीन को सील कर दिया है।
एसडीएम भावना सिंह, एसीएमओ डॉ. मसूद अनवर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अस्पताल में पहुंचे। टीम ने वहां उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों की जांच की। एसीएमओ डॉ. मसूद अनवर ने बताया कि विभाग को कुछ मरीजों की ओर से अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुई थी। उनके अनुसार अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करने के लिए पोर्टेबल मशीन रखी हुई थी। इसकी जांच के लिए लाइसेंस मांगा गया था तो वहां स्थायी मशीन का लाइसेंस मिला। पोर्टेबल मशीन का लाइसेंस नहीं मिलने पर उसको सील कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी रिपोर्ट सीएमओ व डीएम को सौंपी जाएगी और उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।