-रात में बिजली कटाैती होने पर लोगों ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर की पट्टी मेहर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। रात में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और रात में फोन भी रिसीव नहीं करते।
विजय, राहुल, प्रदीप आदि का कहना है कि गर्मी के मौसम में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। रात करीब 11 बजे, जब लोग सोने की तैयारी कर रहे होते हैं, तब बिजली चली जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जाती है, लेकिन उनके फोन या तो रिसीव नहीं किए जाते या फिर स्विच ऑफ मिलते हैं। इस लापरवाही के कारण लोगों को रात भर जागकर परेशानी झेलनी पड़ती है।
लगातार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। वे कई बार रात में बिजलीघर पहुंचकर हंगामा भी कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता ब्रजेश कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के कारण लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड पड़ रहा है, जिससे बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं और आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए, फॉल्ट को जल्द से जल्द ठीक करके आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।