बागपत। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचाररायाें ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने एरियर भुगतान व आठवें वेतनमान का लाभ सहित अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष डाॅ. यशवीर सिंह तोमर ने कहा कि कर्मचारी 18 महीनों के रुके हुए एरियर का भुगतान, 30 जून से मिलने वाली वेतन वृद्धि का लाभ देने, राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के स्थान पर 10 वर्ष करने और पेंशन वृद्धि के लिए 65, 70, 75 की आयु करने की मांग करते आ रहे हैं। इसके अलावा आठवें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन करने, पेंशन के नियम में किए गए बदलाव को निरस्त करने सहित अन्य मांगें हैं। अभी तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। इससे कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम अस्मिता लाल को सौंपा। इस दौरान रोहताश, सुरेंद्रपाल मोघा, जयपाल जावला, यज्ञदत्त, उदयभान सिंह, वीरपाल तोमर, सुशीला यादव व राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।