बागपत में मकान से पोस्टर हटाता पूर्व सभासद सुशील कुमार।
- फोटो : BAGHPAT
- जमीन के विवाद को लेकर पूर्व सभासद ने लगाया था मकान बिकाऊ का पोस्टर
बागपत। पुराना कस्बा में पूर्व सभासद के परिवार ने जमीन के विवाद के कारण मकान बिकाऊ का पोस्टर लगाया तो कोतवाली पुलिस शनिवार सुबह ही उसके घर पहुंच गई। पुलिस के पूरे मामले की जानकारी लेने पर पता चला कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, उसका मामला कोर्ट में चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने पूर्व सभासद को समझाकर मकान से पोस्टर हटवा दिया।
पुराना कस्बा के मोहल्ला वाल्मीकि में रहने वाले पूर्व सभासद सुशील कुमार के परिवार ने जमीन के विवाद का निस्तारण न होने पर घर पर मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया था। इसके साथ ही कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जा करने के लिए मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। बागपत कोतवाली इंस्पेक्टर अजय कुमार शर्मा को मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा होने का पता चलने पर वह शनिवार सुबह पूर्व सभासद के घर पहुंच गए। मामले की जानकारी करने पर पता चला कि जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, उसका केस कोर्ट में लंबित है। इस पर इंस्पेक्टर अजय कुमार शर्मा ने पूर्व सभासद से कहा कि जमीन का मामला कोर्ट में होने के कारण पुलिस किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं कर सकती है। कोर्ट से जिसके भी पक्ष में फैसला आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पूर्व सभासद से मकान बिकाऊ का पोस्टर हटवा दिया गया।