बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी में बली फाटक के पास गश्त कर रही पुलिस पर हिस्ट्रीशीटर जोगेंद्र बली ने फायर किया। पुलिस की चेकिंग टीम को देखकर उसने बाइक भागने की कोशिश की और पीछा करने पर फायर झौंक दिया। पुलिस किसी तरह बची। इसके बाद वह साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस
उसे पकड़ने में नाकाम रही। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
कोतवाली में पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, कस्बा चौकी प्रभारी दिनेश कुमार टीम के साथ शनिवार रात बली रेलवे फाटक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक पुलिस को देख उल्टा भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, बाइक चालक ने साथी से पुलिस पर गोली चलाने को कहा। इस पर पीछे बैठे युवक ने गोली चला दी। पुलिसवालों ने किसी तरह गोली से अपनी जान बचाई। उसके बाद दोनों
बाइक सवार पुलिस के सामने से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने वालों को पहचान लिया गया है। बाइक चालक बली निवासी राहुल चोटी और गोली चलाने वाला जोगेंद्र पुत्र ओमे उर्फ ओमप्रकाश था। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने दावा किया उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।