बागपत में प्रशासन के सख्त हो जाने पर बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में अनुयायियों का आवागमन बंद हो गया है। आश्रम के बाहर पुलिस सुरक्षा के अलावा कोई नहीं दिखाई दिया।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रोहतक जिले की सुनारिया जेल से एक माह का पैरोल मिलने के बाद वह बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में समय बिता रहा है। वहीं दर्शन करने अनुयायियों का आश्रम में पहुंचना शुरू हो गया था। तीन दिन पहले प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए वहां आवागमन पर रोक लगा दी। इसके बाद गुरमीत राम रहीम ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर ऑनलाइन आकर साध संगत से घरों में रहकर ही सुमिरन करने की अपील की। साध संगत भी अपने गुरु महाराज के आदेश को मानते हुए वापस लौट गई। वहीं गुरुवार को आश्रम के सभी गेटों पर पुलिस सुरक्षा के अलावा कोई दिखाई नहीं दिया।
मजबूत आत्मबल से ही सफलता का मार्ग मिलता है : राम रहीम
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम महाराज ने कहा कि राम नाम की सुमिरन से सभी गम चिंता परेशानी से छुटकारा मिलता है और आत्मबल मजबूत होता है। जिससे सफलता का मार्ग प्राप्त होता है।
यह भी पढ़ें: Amar Ujala Exclusive: दुनिया भर में मिठास घोलेगा सहारनपुर का शहद, अमेरिका जाएगी 400 क्विंटल की पहली खेप
राम रहीम ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से आमजन व युवा पीढ़ी को संदेश दिया। कहा कि घर में कोई परेशानी आ जाए, बिजनेस में घाटा हो जाए, परिचितों से संबंध खराब हो जाएं, तो इंसान गम, चिंता परेशानी में डूब जाता है। उन्होंने फरमाया की ऐसी स्थिति में हर धर्म में ये लिखा हुआ है कि अपनी आत्मा को बल दो, राम के नाम से, ओम, हरि, ईश्वर, मालिक, परमात्मा के नाम से इतना मजबूत कर लो कि आपको गम, चिंता, परेशानी से छुटकारा मिल जाए। आत्मबल से ही इंसान को उन्नति का रास्ता मिलता है।