बागपत। सरूरपुर गांव के ईंट भट्टा व्यापारी के घर से दस लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुराने विवाद की जांच की जा रही है। कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है।
सरूरपुर गांव में ईंट भट्टा व्यापारी संजय गुप्ता के घर से 23 दिसंबर की रात 10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। व्यापारी का कहना था कि परिवार के लोग शादी की शॉपिंग करने के लिए दिल्ली गए थे। जब वह घर लौटे तो उन्हें ताला टूटा मिला। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि मौके पर छानबीन की गई है। पीड़ित से भी बातचीत की गई है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुराने विवाद समेत कई बिंदु पुलिस की जांच में शामिल है। कुछ लोगों से जानकारी ली गई है। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने कहा कि जल्द खुलासा किया जाएगा। उधर, कुछ ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि हिरासत में लिए गए युवक निर्दोष हैं। पुलिस का कहना था कि अभी सिर्फ जानकारी ली गई है, किसी तरह का खुलासा नहीं हुआ है।