हिंदू पक्ष ने जताई खुशी, मुस्लिम पक्ष करेगा अपील
लाक्षागृह के मुकदमे में न्यायालय का फैसला अपने पक्ष में आने पर हिंदू पक्ष ने खुशी जताई है। उन्होंने इसको हिंदुओं की आस्था की जीत बताया है। वहीं, मुस्लिम पक्ष ने जिला न्यायालय में अपील करने की बात कही है। जिसके लिए वह जल्द ही अधिवक्ता के माध्यम से प्रक्रिया शुरू करेंगे।
श्री गांधी धाम समिति संस्कृत महाविद्यालय गुरुकुल लाक्षागृह के अध्यक्ष यशोधर्मा सोलंकी ने कहा कि 54 वर्षों से चल रहे विवाद का आज निपटारा हुआ। यह खुशी की बात है। न्यायालय ने बिल्कुल सही फैसला सुनाया है।
प्रधानाचार्य अरविंद कुमार शास्त्री ने कहा कि कौरव और पांडवों में धर्म की लड़ाई थी। यह वही लाक्षागृह है, जहां पांडवों को जलाकर मारने का प्रयास किया गया था। न्यायालय के फैसले से आज सत्य की जीत हुई है।
बरनावा के गुरुकुल लाक्षागृह में काम करने वाले पैरोकार विजयपाल कश्यप ही न्यायालय में फैसले के दौरान मौजूद थे। उन्होंने फैसला आते ही खुशी जताई और सभी को फोन करके फैसले के बारे में बताया। उनका कहना है कि न्यायालय ने सत्य को देखते हुए फैसला सुनाया है।
बरनावा के ग्राम प्रधान फिरोज खान ने कहा कि न्यायालय के फैसले का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था, भाईचारा व सौहार्द कायम रखने की अपील की। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के लिए सभी से कहा है।