बिनौली (बागपत)। कैंटर गाड़ी में 400 पेटी शराब लेकर जा रहे दो युवकों को थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने माखर पुलिस चौकी पर गिरफ्तार कर लिया। यह शराब तस्कर अवैध शराब को मेरठ, मुजफ्फरनगर लेकर जा रहे थे।
रविवार की सुबह मुखबिर से बिनौली पुलिस को सूचना मिली कि बड़ौत की ओर से कुछ तस्कर कैंटर में लाखों रुपये की शराब हरियाणा से लेकर आ रहे है। इस पर इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह, आबकारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह, एसआई मोहम्मद उवैश ने पुलिस फोर्स के साथ माखर पुलिस चौकी पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे कैंटर को पकड़ लिया। इसमें मौजूद यशपाल पुत्र सतपाल और रजत पुत्र रामपाल सानी निवासी मनाना जनपद पानीपत, हरियाणा को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कैंटर से 400 पेटी हरियाणा की अंग्रेजी शराब बरामद की। इंस्पेक्टर ने बताया कि यह शराब मेरठ और मुजफ्फरनगर में सप्लाई होनी थी। पुलिस ने मामले को आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को बागपत कोर्ट में पेश किया है।