बड़ौत। जल निगम और नगर पालिका की टीम शुक्रवार को भी वार्ड नंबर 24 में लीकेज का सुराग नहीं लगा पाई। ईओ मनोज रस्तोगी भी जेसीबी मशीन व कर्मचारियों को लेकर लीकेज खोजने में लगे रहे। उधर, डीएम ने भी मामला संज्ञान में आने पर जल्द ही लाइन को सही करने के निर्देश दिए।
कस्बे के इकराम, दाऊद, महरबान, शौकीन ने बताया कि लीकेज ढूंढने के नाम पर जगह-जगह सड़कें खोद दी गईं, जिनमें पानी भरने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। टूटी पाइप लाइन से करीब 200 घरों में दूषित पानी की सप्लाई जारी है। गंदा व पीला पानी आने से बच्चों में पेट दर्द की शिकायतें बढ़ रहीं हैं, लेकिन विभाग आंख मूंदे बैठा है। स्थिति को गंभीर देखते हुए डीएम अस्मिता लाल ने नाराजगी जताई और दोनों विभागों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द लीकेज ढूंढ़कर समस्या का समाधान कराया जाए। वहीं ईओ मनोज रस्तोगी ने जल निगम की लापरवाही पर असंतोष व्यक्त किया। बताया कि पाइप लाइन की मरम्मत कराई जा रही है।