खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खेकड़ा तहसील के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के मवींकला टोल से दिल्ली अक्षरधाम तक एलिवेटिड मार्ग बनने से दिल्ली-देहरादून मार्ग का हिस्सा भी इससे जुड़ जाएगा। इसके लिए पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया गया र्है। एलिवेटड रोड निर्माण से जनपदवासी मात्र 20 मिनट में दिल्ली पहुंच सकेंगे। निर्माणाधीन एजेंसी युद्ध स्तर पर मार्ग निर्माण कराने में जुटी है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को बनाने की दिशा में कार्य तेजी से शुरू करा दिया है। इसके ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के खेकड़ा मवीकलां टोल से दिल्ली अक्षरधाम तक करीब 34 किमी के हिस्से का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। एलिवेटिड मार्ग के पिलर बुधवार को खडे़ करने शुरू हो गए हैं। निर्माणाधीन कंपनी गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के इंजीनियर नियाज अली ने बताया कि 2023 के अंत तक इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद खेकड़ा से दिल्ली तक केवल 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इसमें से खेकड़ा की ओर का 17 किमी हिस्सा एलिवेटेड है। एलिवेटिड मार्ग निर्माण में तेजी आने से नगर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।