परेशानी:- रटौल-लोनी मार्ग पर नाला निर्माण के कारण मार्ग पर डाली गई मिट्टी व बंद किया गया रास्त
रटौल। कस्बे में रटौल-लोनी मार्ग पर नाला निर्माण के कारण मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। इससे दुकानदारों व लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों ने चेयरमैन व ईओ से शिकायत कर मिट्टी हटवाने की मांग की।
कस्बा निवासी निजामू, सुनील, मनोज, सलीम, राजेंद्र आदि का कहना है कि रटौल-लोनी मार्ग पर ईदगाह से लेकर कस्बे तक पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा अनियमितता बरती जा रही है। जगह-जगह मिट्टी का ढेर लग गया है और यदि कोई शिकायत करता है तो ध्यान नहीं दिया जाता है।
मार्ग की चौड़ाई काफी कम होने के कारण लोगों को निकलने में काफी परेशानी हाे रही है। मार्ग पर स्थित दुकानदारों को भी दिक्कत हो रही है। धूल उड़ने से सामान भी खराब हो रहा है। उन्होंने जल्द ही मिट्टी नहीं उठवाने पर धरना देने की चेतावनी दी।