- आपदा प्रबंधन के बजट से खरीदें जाएंगे उपकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना से संक्रमित बच्चों के उपचार के लिए बर्न यूनिट में एक जुलाई से पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) शुरू किया जाएगा। इसके लिए कुछ उपकरण शासन स्तर से उपलब्ध कराए जाएंगे तो कुछ की व्यवस्था आपदा प्रबंधन के बजट से की जाएगी। 25 जून तक शासन की ओर से आईसीयू के लिए उपकरण भिजवा दिए जाएंगे। बुधवार को इसके लिए शासन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएमओ को तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद अब सितंबर माह में तीसरी लहर आने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही है। कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए संवेदनशील बताई जा रही है। इसको लेकर शासन व जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) तैयार कराया जा रहा है। आईसीयू के लिए कुछ उपकरण शासन स्तर से उपलब्ध कराए जाएंगे और कुछ की व्यवस्था आपदा प्रबंधन बजट से कराई जाएगी। जिले में एक जुलाई से पीआईसीयू शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार को आईसीयू की व्यवस्था शुरू करने के लिए सीएमओ डॉ आरके टंडन की शासन से वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई थी।
डायलासिस यूनिट होगी स्थानांतरित
बर्न यूनिट में फिलहाल डायलासिस यूनिट चल रही है। पीआईसीयू (पीकू) शुरू करने के लिए डायलासिस यूनिट को आयुष चिकित्सालय में स्थानांतरित किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि इस संबंध में सीएमएस से वार्ता हो चुकी है।