बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पाली गांव में सीएनजी पंप के बाहर खड़े गैस सिलिंडर के ट्रक में तरबूज से भरी पिकअप गाड़ी घुस गई। जिसमें पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई और हाईवे पर तरबूज फैल गये। घायल चालक और उसके साथी गाड़ी छोड़कर भाग गए।
जानकारी के अनुसार पाली गांव में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सीएनजी पंप के बाहर बृहस्पतिवार की सुबह गैस सिलिंडर से भरा ट्रक खड़ा हुआ था। तभी दिल्ली की तरफ से आई तरबूज से भरी पिकअप गाड़ी गैस सिलिंडरों के ट्रक में घुस गई। जिसमें पिकअप गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक समेत कई लोग घायल हो गए। टक्कर से ट्रक की डीजल टैंक भी लीक हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने पिकअप को हटवाकर वाहनों का आवागमन शुरू कराया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।