सड़क सुरक्षा सप्ताह
देरी से पहुंच रही पुलिस और एनएचएआई की टीम
कई हादसों में सामने आई लेटलतीफी
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। हादसे रोकने और मदद के लिए हाइवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर पुलिस पेट्रोलिंग रहती है। रात के समय भी पुलिस गश्त करती है। मगर, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुए कई हादसों में पुलिस की लेटलतीफी सामने आई। इसके अलावा एनएचएआई की हेल्पलाइन टीम भी देरी से पहुंची।
केस एक: सोनीपत के रवि गोस्वामी की कार तेल के टैंकर में टकराई। कार में आग लग गई और उसके बगल से आधे घंटे तक वाहन गुजरते रहे, लेकिन मदद नहीं पहुंची।
-----------------------
जब पुलिस कर्मियों ने बचाई जान
बागपत। यूपी 112 हादसे के वक्त लोगों की मदद करती है। दिन-रात गश्त करने वाली पुलिस टीम के पास स्ट्रेचर और प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स होता है, जिससे घायलों की तुरंत मदद की जाती है।
केस एक :- महिला थाने के पास 15 सितंबर को स्विफ्ट गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार मुकारी निवासी नरेश त्यागी और शौदान घायल हो गए। फैंटम सवार सिपाही दीपक यादव ने घायलक़ो अस्पताल में भर्ती कराया। दीपक के प्रयास की प्रशंसा हुई।
केस दो :- निवाड़ा चौकी पर तैनात सिपाही रोहित ने कलक्ट्रेट के सामने हादसे का शिकार हुई आंगनबाड़ी सीमा को अस्पताल में भर्ती कराया। सिपाही के प्रयास से ही सीमा और उसकी बेटी की जान बच सकी थी।
---------------
जिला अस्पताल में सुविधा बढ़ें तो बनें बात
बागपत। जिला अस्पताल में सुविधा की कमी है। ट्रामा सेंटर नहीं है। डॉक्टरों की कमी है, जिस कारण घायलों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागपत से प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया जाता है।
---------------
यातायात नियमों का पालन कराने की शपथ दिलाई
बागपत। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत उपसंभागीय कार्यालय में शुक्रवार को सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से ऑनलाइन सिस्को वेबएक्स सॉफ्टवेयर के माध्यम से व्यवसायिक लाइसेंस धारकों को सड़क के नियमों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन कराने की शपथ ग्रहण कराई गई। वाहन चालकों का फीडबैक लिया गया तथा पोस्टर वितरित किए गए। इसके अलावा नगर के राष्ट्र वंदना चौक पर चेकिंग अभियान चलाकर दुपहिया चालकों को हेलमेट का प्रयोग करने तथा सीट बेल्ट बांधकर कार चलाने के प्रति जागरुक किया गया। इस मौके पर एआरटीओ सुभाष राजपूत, संभागीय निरीक्षक विनय कुमार सिंह, टीएसआई धीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।