- डीएम ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में व्यवस्था बेहतर करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के पेट्रोल पंपों पर यदि पेयजल, शौचालय व वाहनों में हवा डालने की व्यवस्था नहीं की गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डीएम अस्मिता लाल ने पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में व्यवस्था पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने भेजे नोटिस में कहा कि मानक के अनुसार पेट्रोल पंपों पर आम लोगों के लिए पेयजल, शौचालय व वाहनों में नि:शुल्क हवा डालने की व्यवस्था होनी चाहिए। कई पेट्रोल पंपों पर हवा डालने के कोई इंतजाम नहीं हैं। शौचालय व पेयजल की व्यवस्था सिर्फ कर्मचारियों के उपयोग तक ही सीमित हैं। कई बार जांच के दौरान यह कमियां मिलने के बावजूद संचालकों पर कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पेयजल उपलब्ध रखने के साथ शौचालय साफ-सुथरा व खुला रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर साफ सफाई, लाइसेंस का नवीनीकरण, आग बुझाने के उपकरण भी एक सप्ताह में लगाने के निर्देश दिए हैं और कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।