छपरौली। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे पूर्व सांसद राजबीर सिंह उर्फ राजू भैय्या की जमीन पर कब्जे के मुकदमे की पैरवी करने पर निजी सहायक को जान से मारने की धमकी मिली। इसमें निजी सहायक मनोज तिवारी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मेरठ निवासी मनोज तिवारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे पूर्व सांसद राजबीर उर्फ राजू भैय्या ने वर्ष 1999 में करीब दो बीघा से ज्यादा जमीन खरीदी थी। जिस पर पेट्रोल पंप संचालित था और वर्तमान में खाली जमीन है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये है। छपरौली में मुख्य मार्ग पर स्थित दो बीघा से अधिक जमीन पर राजीव, विकास, संजीव, विपिन और एक अज्ञात निवासी पट्टी धनकोशिया छपरौली कब्जा करना चाहते हैं।
इसके लिए फर्जी दस्तावेज बनवाकर बैनामा कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसमें पुलिस ने राजीव, विकास, संजीव, विपिन और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि 22 मई को छपरौली में जमीन देखने गया तो वहां पर चार लोग आ गए, जिन्होंने जमीन पर निर्माण न करने के लिए कहा और निर्माण कार्य शुरू करने पर परिवार को खत्म कराने की धमकी दी। इस मामले में छपरौली पुलिस का कहना है कि धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।