निवाड़ा पुल पर जाम में फंसे वाहन और परेशान खड़े यात्री।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तीन घंटे लोग जाम से जूझते रहे। इसके अलावा बागपत-मेरठ मार्ग व बागपत-सोनीपत मार्ग पर भी जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला। कई स्थानों पर वाहनों में सवार लोग स्वयं ही जाम खुलवाते देखे गए।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बागपत में गड्ढे भरने का कार्य चल रहा है। रविवार को दोपहर के समय भी गड्ढे भरने का कार्य चलने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गौरीपुर से लेकर बागपत तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
ट्रैफिक पुलिस ने बागपत में राष्ट्रीय वंदना चौक से रूट डायवर्ट कर दिल्ली रोड से वाहनों को निकाला। इसके अलावा बागपत-मेरठ मार्ग व बागपत-सोनीपत मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोग स्वयं ही जाम खुलवाते रहे। तीनों मार्गों पर लगभग तीन घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। कई स्थानों पर वाहन चालकों की ट्रैफिक पुलिस से भी तीखी नोंक झोंक हुई।