बड़ौत। सीएचसी पर शनिवार को वैक्सीन नहीं लगने पर आक्रोशित लोगों ने नाराजगी जताकर हंगामा किया और स्वास्थ्य कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान मामला बढ़ता देखकर सीएचसी अधीक्षक मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया।
दरअसल शनिवार को बड़ौली, जौनमाना, मलकपुर, बड़ौत, बावली सहित अन्य जगहों से काफी संख्या में लोग सीएचसी पर पहुंचे और वैक्सीनेशन के लिए लाइन में लग गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वैक्सीन खत्म होने की बात कहकर लोगों को वापस जाने के लिए कहा तो लोगों को गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने कहा विगत एक सप्ताह से रोजाना वैक्सीनेशन कराने के लिए सीएचसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कभी वैक्सीन नहीं आई तो कभी वैक्सीन खत्म हो गई, जैसी बात कहकर लौटाया जा रहा है। इस बीच सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार उनके बीच पहुंचे और किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। सीएचसी अधीक्षक ने बताया ऊपर से केवल 400 ही वैक्सीन की डोज आई थी, सभी को डोज लगाई गई, इसके बाद वैक्सीन खत्म हो गई। सीएमओ को इस संबंध में अवगत कराया। इनमें प्रवीण, सुधीर, आकाश, दिनेश, अक्षय, दीपिका, रेनू, मोनिका शामिल रहे।